ट्रंप की विदाई तो ग्रेटा थनबर्ग ने कसा तंज, कहा- 'देखकर बहुत अच्छा लगा'
वाशिंगटन।
अमेरिका में एक ऐतिहासिक समारोह के बीच बुधवार को देश के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर जो बाइडेन और उपराष्ट्रपति पद पर कमला हैरिस के शपथ लेने के साथ ही व्हाइट हाउस से पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विदाई हो गई। व्हाइट हाउस से ट्रंप की विदाई के मौके पर स्वीडिश पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने भी तंज कसने का मौका नहीं छोड़ा। ग्रेटा थनबर्ग ने डोनाल्ड ट्रंप की विदाई की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'लगता है कि एक बहुत खुश बूढ़ा आदमी अपने एक उज्ज्वल और बेहतरीन भविष्य के लिए तैयार हो रहा है। देखकर बहुत अच्छा लगा!
आपको बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप की विदाई को लेकर ग्रेटा थनबर्ग के इस ट्वीट के मायने समझन के लिए ज्यादा पीछे जाने की जरूरत नहीं है। दरअसल, जिस समय यूनाइटेड नेशन क्लाइमेट एक्शन समिट 2019 में ग्रेटा थनबर्ग ने डोनाल्ड ट्रंप को चुनौती देते हुए अपना भाषण दिया था, उस वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर ट्रंप ने भी कुछ ऐसी ही टिप्पणी की थी। ट्रंप ने ग्रेटा थनबर्ग के भाषण पर ट्वीट करते हुए कहा था, 'लगता है कि एक बहुत खुश युवा लड़की अपने एक उज्ज्वल और बेहतरीन भविष्य के लिए तैयार हो रही है। देखकर बहुत अच्छा लगा!'

पाठको की राय